रायगढ़, 10 फरवरी 2026। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम जामढोंढी भदरापारा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय पुत्र की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना के अनुसार, आरोपी विनोद महेश्वरी अपने छोटे बेटे के साथ तनावग्रस्त था। उसके भाई मनोज महेश्वरी ने बताया कि परिवार में घरेलू विवाद और मानसिक तनाव था।
रविवार, 8 फरवरी की शाम करीब 6 बजे, विनोद अपने बेटे के साथ घर के बाहर खड़ा था। अगले दिन सुबह मनोज जब कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने गया, तो उसने कुएं से विनोद की आवाज सुनी। पूछताछ पर विनोद ने स्वीकार किया कि उसने अपने छोटे बेटे को हत्या की नियत से कुएं में फेंककर पानी में डुबो दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर आरोपी और मृतक बालक को कुएं से बाहर निकाला। इस मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 38/2026 दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव और उनकी टीम की तत्परता की पुलिस ने सराहना की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:-
“यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेना या मासूम के जीवन के साथ क्रूरता करना अस्वीकार्य है। घरेलू तनाव का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। समाज और परिवार की जिम्मेदारी है कि मानसिक तनाव के संकेतों को गंभीरता से लें। रायगढ़ पुलिस ऐसे जघन्य अपराधों पर तत्पर और कठोर कार्रवाई करती रहेगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है।”
















