फुकेट में फंसे लूथरा ब्रदर्स! गोवा क्लब ट्रैजेडी के बाद पासपोर्ट रद्द, सहयोगी अजय गुप्ता दिल्ली से पकड़ा गया :
गोवा के उस क्लब हादसे के बाद, जिसमें 25 लोगों की जान चली गई थी, जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया तेज़ हो गई है. क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा के पासपोर्ट रद्द कर दिए गए हैं, जिसके चलते दोनों अब फुकेट से आगे किसी भी देश में नहीं जा पाएंगे। दोनों भाई हादसे के तुरंत बाद भारत छोड़कर थाईलैंड निकल गए थे.जांच में सामने आया है कि आग तेजी से फैल रही थी, उसी दौरान दोनों भाइयों ने देश छोड़ने की तैयारी शुरू कर दी थी. अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के लगभग एक घंटे के भीतर ही दोनों ने फुकेट की उड़ान बुक कर ली थी.इस बीच, लूथरा ब्रदर्स के बिजनेस पार्टनर अजय गुप्ता को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है. बताया जाता है कि वह बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल में भर्ती हुआ था, जहां से उसे हिरासत में लिया गया.अब तक इस केस में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई और लोगों तक जांच की पहुंच बन रही है.
सरकार एक्शन मोड में: 3 अधिकारी निलंबित, मजिस्ट्रेट जांच शुरू: राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि हादसे के बाद हर विभाग में तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। घायलों का इलाज गोवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि मृतकों के शव उनके परिवारों को सौंपे जा रहे हैं.सरकार की ओर से बताया गया कि संबंधित विभागों के तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. इसके साथ ही मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू हो गई है, जिसकी रिपोर्ट आठ दिनों के भीतर आने की उम्मीद है.रिपोर्ट आते ही सभी जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
जब हादसा खूनी आग में बदल रहा था, उसी पल देश छोड़ने की तैयारी में जुटे थे मालिक:
जांच में यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि जब क्लब के अंदर लोग जान बचाने के लिए दौड़ रहे थे और हर तरफ आग की लपटें बेकाबू थीं, ठीक उसी दौरान मालिक पक्ष विदेश रवाना होने की तैयारी कर रहा था.आधी रात के बाद करीब सवा एक बजे दोनों भाइयों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के ज़रिए फ़्लाइट टिकट सुरक्षित कर ली.उस समय बाहर आपातकालीन वाहनों की लगातार आवाज़ें गूंज रही थीं, दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे थे, और घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने में एक-एक मिनट की जद्दोजहद चल रही थी. पूरा माहौल अफरा-तफरी और चीखों से भरा था, लेकिन इसी हड़बड़ी के बीच मालिकों ने देश से निकलने का रास्ता सुनिश्चित कर लिया था.
लूथरा ब्रदर्स की अग्रिम जमानत पर झटका—कोर्ट ने तुरंत संरक्षण देने से किया इनकार
दिल्ली की एक अदालत ने उस नाइटक्लब से जुड़े दोनों मालिकों—सौरभ और गौरव लूथरा—को तुरंत कोई कानूनी सुरक्षा देने से साफ इंकार कर दिया है.दोनों ने गिरफ़्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत का आवेदन दायर किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्हें बेवजह आरोपी बनाया जा रहा है और घटना में उनकी भूमिका नहीं है.लेकिन अदालत ने प्राथमिक स्तर पर त्वरित राहत देने से मना करते हुए स्पष्ट कहा कि यह मामला बेहद गंभीर प्रकृति का है. अदालत अब इस याचिका पर आगे सुनवाई से पहले गोवा सरकार का विस्तृत जवाब मंगवा रही है. जवाब मिलने के बाद ही कोर्ट आगे की कार्यवाही पर फैसला लेगा.
गोवा हादसे का असर—मुंबई में क्लबों और रेस्टोरेंट्स पर सख्त फायर सेफ्टी चेक शुरू :गोवा की घटना के बाद मुंबई में फायर सेफ्टी को लेकर कार्रवाई तेजी से बढ़ा दी गई है. नगर प्रशासन और फायर विभाग ने शहरभर के क्लबों, पब्स, बार्स और रेस्टोरेंट्स पर अचानक होने वाली जांचें शुरू कर दी हैं.बुधवार से कई इलाकों में टीमों ने बिना पूर्व सूचना के निरीक्षण शुरू किया है. फूड हब, एंटरटेनमेंट ज़ोन और भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की सख्त जांच की जा रही है। फिनिक्स मिल क्षेत्र के कई लोकप्रिय फूड स्टोर्स और बार्स में संयुक्त टीमों ने मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की.फायर कंप्लायंस यूनिट अब लगातार ऐसे स्थलों की जांच कर रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.
















