बिलासपुर शहर के सबसे बड़े बिजली सब स्टेशन में मंगलवार को भीषण आग लग गई। मोपका क्षेत्र में स्थित इस सब स्टेशन से उठती आग की लपटें काफी दूर तक नजर आईं। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग लगने के चलते एहतियातन शहर के बड़े हिस्से की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

आधे शहर में ब्लैकआउट
जानकारी के मुताबिक, करीब 25 साल पुराने इस सब स्टेशन की कुल क्षमता 480 मेगावॉट है, जिसमें से लगभग 320 मेगावॉट बिजली शहर के आधे हिस्से को सप्लाई की जाती है। आग लगने के बाद सुरक्षा कारणों से बिजली सप्लाई रोक दी गई, जिससे अचानक ब्लैकआउट हो गया। बिजली गुल होते ही रिहायशी इलाकों, दुकानों और व्यापारिक क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि बिजली विभाग और प्रशासन की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।















