राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि शंकर प्रसाद की कोठी में आग लग गई। दमकल विभाग ने बताया कि उन्हें 21 मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड स्थित कोठी में आग लगने की सूचना मिली। तुरंत मौके पर दमकल की टीम पहुंची और आग को काबू में किया। सौभाग्य से इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कमरे के बेड में लगी आग
मिली जानकारी के अनुसार, आग सांसद की कोठी के एक कमरे में बेड में लगी थी। आग लगने की सूचना सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर मिली। शुरू में कॉल कोठी नंबर 2 के लिए दर्ज की गई थी, लेकिन जांच में पता चला कि आग कोठी नंबर 21 में लगी थी, जो रवि शंकर प्रसाद की है। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियाँ पहुंचीं और उन्होंने कमरे में लगी आग को नियंत्रित किया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
दिल्ली के पीतमपुरा में भी आग का हादसा
दिल्ली के पीतमपुरा में मंगलवार को भीषण आग लगने की घटना सामने आई। यह आग एक खाली भूखंड में लगी थी, जहाँ कबाड़ और कार्डबोर्ड रखने के लिए अस्थायी टिन शेड बना हुआ था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई और मौके पर छह दमकल गाड़ियाँ भेजी गईं। लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
बिहार के रहने वाले हैं पीड़ित
आग की चपेट में आए पांच लोगों को जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित किया। मृतकों की पहचान बीरेश और सतीश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सभी पीड़ित बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे और वह टिन की झोपड़ियों में रह रहे थे।
















