प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस और सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस—का शुभारंभ करेंगे। इन ट्रेनों के शुरू होने से अंतरराज्यीय लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, साथ ही यात्रियों को आरामदायक व किफायती सफर का बेहतर विकल्प मिलेगा।
अमृत भारत एक्सप्रेस नई पीढ़ी की ट्रेन है, जिसे सुरक्षित, भरोसेमंद और कम खर्च में लंबी दूरी की यात्रा के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
इन ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे सफर का अनुभव और बेहतर होगा। दोनों अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की नियमित सेवाओं के लिए बुकिंग यात्रियों के लिए शुरू कर दी गई
हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट
- ट्रेन संख्या 13065 हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रात 23:10 बजे हावड़ा से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन सुबह 02:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
- वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 13066 आनंद विहार-हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को सुबह 05:15 बजे आनंद विहार से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
यह ट्रेन आसनसोल मंडल के अंतर्गत आसनसोल एवं दुर्गापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी। ट्रेन में यात्रियों के लिए सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी की सुविधा उपलब्ध होगी।
सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट
- ट्रेन संख्या 22587 सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शनिवार को शाम 19:30 बजे सियालदह से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 07:20 बजे बनारस पहुंचेगी।
- वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 22588 बनारस-सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार, मंगलवार एवं शुक्रवार को रात 22:10 बजे बनारस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 09:55 बजे सियालदह पहुंचेगी।
यह ट्रेन आसनसोल मंडल के अंतर्गत जसीडीह, मधुपुर, आसनसोल एवं दुर्गापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी। इस ट्रेन में भी सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी की सुविधा उपलब्ध होगी।















