बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को एक बार फिर ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें राणा प्रताप बैरागी नामक हिंदू युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात बांग्लादेश के जशोर जिले में हुई। बीते 18 दिनों के भीतर हिंदुओं की यह पांचवीं हत्या बताई जा रही है।
सोमवार शाम करीब 6 बजे बाइक सवार बदमाश राणा प्रताप की बर्फ फैक्ट्री पहुंचे और उन्हें बाहर बुलाया। इसके बाद वे उन्हें पास स्थित एक क्लिनिक के नजदीक गली में ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
कई राउंड फायरिंग कर फरार हुए हमलावर
विवाद के बाद हमलावरों ने राणा प्रताप पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली मारने के बाद आरोपी सड़क मार्ग से मनीरामपुर की ओर फरार हो गए। मौके से पुलिस को सात खाली कारतूस बरामद हुए हैं। मनोहरपुर यूनियन परिषद के अध्यक्ष अख्तर फारुक मिंटू ने घटना की पुष्टि की है।
इस निर्मम हत्या के बाद स्थानीय हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश है। लोग निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि राणा प्रताप पेशे से पत्रकार थे। इस घटना ने एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इससे पहले भी बांग्लादेश से मानवता को शर्मसार करने वाली एक और घटना सामने आई थी, जिसमें एक विधवा हिंदू महिला के साथ दो बदमाशों ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। आरोपियों ने महिला को पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए थे।
















