छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भयानक सड़क हादसे ने खुशी के पलों को मातम में बदल दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रही बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई, जिसमें अब तक 10 लोगों की मौत और लगभग 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे उमरानाला इलाके में हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और यात्री बस के अंदर फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक यात्री का हाथ कट गया, जबकि कई अन्य को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही 20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुँचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के कारण सड़क पर करीब 4-5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस और प्रशासन ने खुलवाया। छिंदवाड़ा एसपी अजय पांडे घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतकों की संख्या की पुष्टि की। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं।
बस में कुल 41 लोग सवार थे, सभी सम्मेलन से लौट रहे थे। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बेहतर इलाज के लिए वहां इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। प्रशासन और डॉक्टरों की टीम घायलों को बचाने में जुटी हुई है। राहत कार्य में क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद भी ली गई।
घटना ने छिंदवाड़ा में भारी शोक और तनाव पैदा कर दिया है, और प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
















