राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में सात मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कुछ मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर G1-118 में स्थित एक फैक्ट्री में हुई। धमाके के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सात मजदूरों के शव बाहर निकाले।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई मजदूर बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी प्रशांत किरण और एडीएम सुमिता मिश्रा समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।
भिवाड़ी, खुशखेड़ा और आसपास के इलाकों से पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच जारी है।
















