रायगढ़, 1 फरवरी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं पर सख्ती बरती जा रही है। इसी के तहत थाना-चौकी प्रभारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसी दौरान थाना घरघोड़ा प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भालुमार निवासी वेणुधर पात्रो अपने होटल में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में डीजल रखकर बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भालुमार स्थित पात्रो होटल में दबिश दी। मौके पर होटल संचालक वेणुधर पात्रो पिता स्व. कार्तिको पात्रो (उम्र 55 वर्ष), निवासी अमलीडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ (छ.ग.) के होटल के पास 15-15 लीटर क्षमता के डिब्बों में कुल 150 लीटर डीजल (अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये) रखा मिला। पुलिस द्वारा डीजल के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इस पर थाना घरघोड़ा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 287 बीएनएस एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 व 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के पास डीजल भंडारण के लिए न तो कोई लाइसेंस था और न ही कोई अग्निशामक यंत्र मौजूद था।
पुलिस ने पाया कि सार्वजनिक स्थान पर ज्वलनशील पदार्थ डीजल का अवैध भंडारण कर आरोपी ने आम लोगों की जान को खतरे में डाला है। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में जप्ती कार्रवाई कर डीजल जब्त किया गया और आरोपी को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के साथ एएसआई राम संजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक खगेश्वर नेताम, प्रदीप तिग्गा और महिला आरक्षक आशा मिंज की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी के डीजल की खरीद-बिक्री जैसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
















