प्रदेश सरकार किसानों से समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं की खरीदी करेगी। इसके लिए पंजीयन की प्रक्रिया 7 फरवरी से 7 मार्च तक चलेगी। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 160 रुपये बढ़ाकर 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही किसानों को 2,600 रुपये प्रति क्विंटल देने की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में किसानों को 15 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी, जो पिछले साल 175 रुपये थी।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि इस वर्ष पंजीयन व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाया गया है। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेशभर में 3,186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं, ताकि उन्हें दूर न जाना पड़े और भीड़ की समस्या न हो।
यहां करा सकते हैं पंजीयन
किसान ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालयों में बने सुविधा केंद्रों के साथ ही सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं में निशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जहां प्रति पंजीयन 50 रुपये से अधिक शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आधार लिंक बैंक खाते में होगा भुगतान
सरकार ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूं का भुगतान केवल आधार से लिंक बैंक खाते में ही किया जाएगा। पंजीयन के दौरान आधार ओटीपी या बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी होगा। अक्रियाशील, संयुक्त और वॉलेट आधारित बैंक खाते मान्य नहीं होंगे। बैंक खाते की पुष्टि के लिए एक रुपये का ट्रांजेक्शन भी किया जाएगा।
















