छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक सरकारी स्कूल में हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब 35 बच्चों ने अपनी कलाई काट ली। यह घटना कुरुद ब्लॉक के ग्राम दहदहा स्थित शासकीय मिडिल स्कूल की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अलग-अलग कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों ने एक-दूसरे को देखकर अपनी कलाई काट ली। यह घटना करीब 20 दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन जब इसकी जानकारी अभिभावकों को मिली तो उन्होंने मामला पंचायत में उठाया। इसके बाद प्रशासन की टीम स्कूल पहुंची और बच्चों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।
पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन का मानना है कि बच्चों ने आपसी प्रभाव में आकर यह कदम उठाया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
ABVP ने जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
इस घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने नाराजगी जताई है। परिषद के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय पहुंचकर सहायक संचालक आर.एन. मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और मामले की गंभीर जांच के लिए विशेष कमेटी गठित करने की मांग की।
जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने कहा कि कुरुद ब्लॉक के इस स्कूल में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं के कलाई काटने की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ कलाई काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा। साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और बच्चों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
















