रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनवरी 2026 में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए भारतीय सेना ने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए हैं। सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के अनुसार यह भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी 2026 तक इंडोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के पुरुष अभ्यर्थी भाग लेंगे।
रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर और अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं और 8वीं पास) पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह प्रक्रिया उन अभ्यर्थियों के लिए है जिन्होंने 30 जून से 10 जुलाई 2025 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) में सफलता प्राप्त की थी। सफल अभ्यर्थी अब शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने के पात्र होंगे।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का तरीका
भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.co पर योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड अपलोड किए जा चुके हैं। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल पर भी एडमिट कार्ड भेजा गया है। भर्ती रैली में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड, रैली अधिसूचना में बताए गए सभी दस्तावेज और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य है।
किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर से संपर्क कर सकते हैं। दूरभाष क्रमांक: 0771-2965212 और 0771-2965214।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि चयन पूरी तरह योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। उन्होंने दलालों और प्रलोभन देने वालों से दूर रहने की सलाह भी दी है।
















