टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने ग्रुप-ए के पहले मुकाबले में यूएसए को 29 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की बेहतरीन पारी अहम रही।
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने दबाव में नजर आई और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 132 रन ही बना सकी। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार जीत का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। भारत की यह टूर्नामेंट में लगातार 9वीं जीत है, जिससे उसने साउथ अफ्रीका के लगातार 8 जीत के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
गेंदबाजों के सामने नहीं टिक पाई यूएसए की टीम
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में ही मोहम्मद सिराज ने एंड्रीस गौस को 6 रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद कप्तान मोनांक पटेल और सैतेजा मुक्कमल्ला भी जल्दी पवेलियन लौट गए और टीम का स्कोर 13 रन पर तीन विकेट हो गया।
इसके बाद मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ती ने पारी को संभालने की कोशिश की और चौथे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। मिलिंद कुमार 34 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ती ने 37-37 रन की पारियां खेलीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
अंत में यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलता मिली। वरुण चक्रवर्ती ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
















