छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव–कलमना तीसरी रेल लाइन को तुमसर रोड यार्ड से जोड़ने के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से 24 से 31 जनवरी तक दुर्ग–नागपुर रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कई यात्री ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से चलाई जाएंगी या देरी से चल सकती हैं।
एक हफ्ते तक रेल यात्रियों को होगी परेशानी
रेलवे के इस काम के चलते यात्रियों को करीब एक सप्ताह तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कई ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। वहीं जो ट्रेनें चलेंगी, उनमें भीड़ बढ़ने की संभावना है।
तीसरी रेल लाइन परियोजना पर काम जारी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के तहत राजनांदगांव–नागपुर तीसरी रेल लाइन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। यह परियोजना भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
तुमसर रोड यार्ड में होगा नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, तीसरी रेल लाइन को मुख्य नेटवर्क से जोड़ने के लिए तुमसर रोड यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इसी कारण 24 से 31 जनवरी के बीच कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।
24 से 31 जनवरी तक ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
इस अवधि में 58817 तुमसर रोड–तिरोडी पैसेंजर, 58816 तिरोडी–तुमसर रोड पैसेंजर, 58815 इतवारी–तिरोडी पैसेंजर, 58818 तिरोडी–तुमसर रोड पैसेंजर, 68715 बालाघाट–इतवारी तिरोडी मेमू और 68714 इतवारी–बालाघाट मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी।
28 से 31 जनवरी तक ये मेमू ट्रेनें भी कैंसिल
इसके अलावा 28 से 31 जनवरी के बीच 68741 दुर्ग–गोंदिया मेमू, 68743 गोंदिया–इतवारी मेमू, 68744 इतवारी–गोंदिया मेमू, 68742 गोंदिया–दुर्ग मेमू, 68711 डोंगरगढ़–गोंदिया मेमू, 68713 गोंदिया–इतवारी मेमू, 68716 इतवारी–गोंदिया मेमू और 68712 गोंदिया–डोंगरगढ़ मेमू ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की वेबसाइट, हेल्पलाइन या नजदीकी स्टेशन से जरूर ले लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
















