ईरान में लगातार बिगड़ते हालात का असर अब हवाई सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। ईरान ने सभी उड़ानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इस बीच एयर इंडिया और इंडिगो समेत कई प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
एयरलाइंस के मुताबिक ईरानी हवाई क्षेत्र बंद होने की वजह से संबंधित रूट की अधिकांश फ्लाइट्स को वैकल्पिक रास्तों से उड़ान भरनी पड़ रही है, जिससे उड़ानों में देरी हो सकती है। वहीं, कुछ उड़ानों को रद्द भी किया गया
एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी
एयर इंडिया ने पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा, “ईरान में बन रहे हालात के कारण एयर स्पेस बंद कर दिया गया है। हमारे लिए यात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। एयर इंडिया की फ्लाइट्स दूसरे रूट से उड़ान भर रही हैं, जिससे उड़ानों में देरी हो सकती है।”
एयर इंडिया के अनुसार,
कुछ उड़ानों के रूट बदलना संभव नहीं है। ऐसे में उन्हें रद कर दिया गया है। हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि एयरपोर्ट आने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर चेक कर लें।
इंडिगो की ट्रैवल एडवाइजरी
इंडिगो ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि ईरान का हवाई क्षेत्र बंद होने से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। इस स्थिति पर एयरलाइंस का नियत्रण नहीं है। इसलिए यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए हमें खेद है।
ईरान में हजारों लोगों की मौत
ईरान में भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। ईरान के ज्यादातर राज्य आगजनी की चपेट में आ गए हैं। हिंसक प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए खामेनेई सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। ईरान में अब तक 3000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
















