आईआरसीटीसी (IRCTC) श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिए 8 रात और 9 दिन की विशेष ज्योतिर्लिंग यात्रा शुरू कर रहा है। यह ट्रेन 11 मार्च को भागलपुर से रवाना होगी और गया स्टेशन होते हुए आगे के गंतव्यों के लिए प्रस्थान करेगी।
गया और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं के लिए यह एक बेहतरीन मौका है। इस पैकेज के तहत एक ही यात्रा में देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में दी जानकारी
बुधवार को एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी के गया जंक्शन अधिकारी गौतम किशोर ने बताया कि यह यात्रा भारत सरकार के ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य लोगों को देश की विविध संस्कृति, परंपरा और धार्मिक स्थलों से जोड़ना और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना है।
इन पवित्र स्थलों के होंगे दर्शन
यात्रा के दौरान महाकालेश्वर (उज्जैन), ओंकारेश्वर (मध्य प्रदेश), सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग (गुजरात), द्वारकाधीश मंदिर (द्वारका) तथा अहमदाबाद के अक्षरधाम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इन सभी स्थलों का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व काफी खास माना जाता है।
जानें किराया और सुविधाएं
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन श्रेणियां तय की गई हैं:
- इकोनॉमी क्लास – 18,850 रुपये
- स्टैंडर्ड क्लास – 33,995 रुपये
- कंफर्ट क्लास – 41,990 रुपये
सभी श्रेणियों में यात्रा, भोजन, ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय भ्रमण के लिए बस और टूर गाइड की सुविधा शामिल है।
यात्रा के दौरान नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, भजन-संध्या, धार्मिक कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता और टूर मैनेजर की निगरानी में पूरी यात्रा कराई जाएगी।
मुख्य पर्यवेक्षक पर्यटन संजीव कुमार ने बताया कि सीटें सीमित हैं। इच्छुक यात्री गया जंक्शन स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय में जल्द संपर्क कर टिकट बुक करा सकते हैं। यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करेगी।
















