भारत सहित दुनियाभर के कई देशों में बीते कुछ समय से लगातार भूकंप के तेज झटके महसूस किए जा रहे हैं। म्यांमार, तुर्की और अफगानिस्तान जैसे देशों में आए विनाशकारी भूकंपों में हजारों लोगों की जान जा चुकी है। इसी वजह से भूकंप को लेकर लोगों के मन में डर और चिंता बनी रहती है। इसी बीच मंगलवार को भारत के उत्तराखंड में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में धरती हिलने का एहसास हुआ।
कितनी रही भूकंप की तीव्रता?
नेशनल सेंटर फोर सिस्मॉलॉजी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मंगलवार की सुबह आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई है। ये भूकंप मंगलवार 13 जनवरी को सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर आया। भूकंप का केंद्र बागेश्वर जिले में धरती से 10 किलोमीटर भीतर था। अब तक इस भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी भूकंप
इससे पहले सोमवार को भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी भूकंप आया था। ये भूकंप शाम 6 बजकर 25 मिनट पर आया था और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4 मापी गई थी। भूकंप का केंद्र धरती से 90 किलोमीटर की गहराई पर था। इसके अलावा सोमवार को सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर अफगानिस्तान में भी 4.2 की तीव्रता का भूकंप आया। इस भूकंप के केंद्र धरती से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
क्यों आते हैं भूकंप?
हमारी धरती के नीचे कुल 7 टेक्टोनिक प्लेटें होती हैं। जानकारी के मुताबिक, ये सभी 7 टेक्टोनिक प्लेट्स अपने-अपने क्षेत्र में घूमते रहते हैं। हालांकि, घूमने के दौरान ये टेक्टोनिक प्लेटें कई बार एक फॉल्ट लाइन पर टकराती हैं। अब इनके टकराने के कारण घर्षण पैदा होता जिससे ऊर्जा निकलती है। ये ऊर्जा बाहर निकलने का रास्ता खोजती हैं। इसी कारण धरती पर भूकंप की घटनाएं देखने को मिलती रहती हैं।
















