पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की तरफ से भेजी गई हथियारों की एक बड़ी खेप को सीमा क्षेत्र से बरामद कर एक संभावित बड़े आतंकी हमले को नाकाम कर दिया है। शनिवार को जिला पुलिस के विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान पठानकोट के बमियाल बॉर्डर इलाके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली। पाकिस्तान सीमा से सटा होने के कारण यह क्षेत्र पहले भी ड्रोन गतिविधियों और हथियारों की तस्करी को लेकर संवेदनशील रहा है।
बॉर्डर रेंज के डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस को तीन AK-47 राइफल, पांच मैगजीन, दो पिस्तौल, दो मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से संचालित बब्बर खालसा के आतंकी हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा द्वारा भेजी गई थी। पुलिस का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
ड्रोन से आ रही खेप
डीआईजी गोयल के अनुसार, हथियारों की यह खेप ड्रोन के जरिए या सीमावर्ती रास्तों से भारत में पहुंचाई गई होगी। पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं, ताकि किसी स्थानीय संपर्क या नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस मामले में हरविंद्र सिंह उर्फ रिंदा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये हथियार किन लोगों तक पहुंचने वाले थे और पंजाब या अन्य राज्यों में किस तरह की साजिश रची जा रही थी।
बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा की गई कड़ी
उन्होंने बताया कि बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है और ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शुरुआती सफलता के बाद आगे भी अभियान जारी रहेगा ताकि किसी भी आतंकी साजिश को मौके पर ही नाकाम किया जा सके।
















