छत्तीसगढ़ में एक बार फिर राज्य पुलिस सेवा के 16 अधिकारियों का तबादला किया गया है। (CG Police Transfer) इस प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) बदले गए हैं। पुलिस विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार, रितेश चौधरी को उपसेनानी 14वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनौरा (बालोद) भेजा गया है। वहीं जितेंद्र खूंटे को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा के पद पर पदस्थ किया गया है। अंजलि नाग को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर और कर्ण कुमार उके को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरियाबंद की जिम्मेदारी दी गई है। पूरी तबादला सूची नीचे दी गई है।


पुलिस विभाग में पहले भी हुआ था फेरबदल
बता दें कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए थे। गृह विभाग के निर्देश पर 3 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 3 उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
अभिषेक कुमार झा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विशेष आसूचना शाखा), कैंप बस्तर से हटाकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), कार्यालय पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) में पदस्थ किया गया था। वहीं रायपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद पर कार्यरत प्रशांत शुक्ला को कार्यालय पुलिस अधीक्षक रायपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) की जिम्मेदारी दी गई। इसी तरह संदीप मित्तल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम), रायपुर से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम), कार्यालय पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) बनाया गया था।
43 अधिकारियों को मिली पदोन्नति
इससे पहले आज ही छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के 43 अधिकारियों को पदोन्नति दी है। पदोन्नति के बाद इन अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं भी की गई हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के मुताबिक, पदोन्नत अधिकारियों में से 12 अधिकारियों को मुख्यमंत्री और मंत्रियों के निजी कार्यालयों में नियुक्त किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री कार्यालय समेत विभिन्न मंत्रियों के निजी कार्यालय शामिल हैं। बाकी अधिकारियों की तैनाती लोक भवन और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में की गई है।
















