खरसिया स्थित एक टायर रीसाइक्लिंग प्लांट में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें आठ मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में नौ महीने की एक बच्ची भी शामिल है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह हादसा चोड़हा इलाके में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में उस समय हुआ, जब पुराने टायर गलाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर आग और गर्म गैस की चपेट में आ गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, अधिकांश घायलों के शरीर का 70 से 80 प्रतिशत हिस्सा झुलस चुका है, जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों में इंद्रजीत खड़िया, साहेब राम (40), शिव (28), इंद्रवद (19), प्रिया, उदासीन और उनकी नौ महीने की बेटी भूमि शामिल हैं।
विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रक्रिया के दौरान अधिक दबाव बनने या किसी तकनीकी खराबी की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्लांट को सील कर दिया गया है और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
















