प्रयागराज माघ मेले में मंगलवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सेक्टर-5 स्थित नारायण शुक्ला धाम के शिविर में आग भड़क उठी। शिविर से उठती लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। इस घटना में करीब 15 टेंट और 20 दुकानें जलकर खाक हो गईं।
शिविर में मौजूद लगभग 50 कल्पवासी अपनी जान बचाकर सुरक्षित बाहर निकल गए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के झुलसने या हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
आग लगने की वजह क्या?
आग की लपटे देख लोग वहां से भागने लगे। आनन-फानन में सूचना मेला प्रशासन तक पहुंचाई गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने से सभी लोग सकुशल बच गए।
नारायण धाम शिविर में एक भी टेंट नहीं बचा
नारायण धाम शिविर में कुल 15 टेंट थे। इनमें 50 से ज्यादा कल्पवासी रहे रहे थे। आग लगने के बाद शिविर में एक भी टेंट नहीं बचा है। घटना के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के खास सतुआ बाबा मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
















