Motorola ने अपनी Moto G सीरीज को आगे बढ़ाते हुए दो नए मिड-रेंज स्मार्टफोन Moto G77 और Moto G67 लॉन्च किए हैं। ये फोन फिलहाल चुनिंदा EMEA बाजारों में पेश किए गए हैं। दोनों ही स्मार्टफोन Android 16 पर काम करते हैं और इनमें बड़े AMOLED डिस्प्ले के साथ बेहतर कैमरा सेटअप दिया गया है।
कंपनी ने इन फोन्स की मजबूती पर भी खास ध्यान दिया है। इनमें IP64 रेटिंग और MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन दिया गया है, जिससे ये धूल और हल्की पानी की छींटों से सुरक्षित रहते हैं।
परफॉर्मेंस की बात करें तो Moto G67 में MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया गया है, जबकि Moto G77 में थोड़ा ज्यादा पावरफुल MediaTek Dimensity 6400 प्रोसेसर मिलता है। दोनों स्मार्टफोन में 5,200mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 30W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
कुल मिलाकर, नए Moto G77 और Moto G67 उन यूजर्स के लिए अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं, जो मिड-रेंज सेगमेंट में दमदार फीचर्स और मजबूत डिजाइन की तलाश में हैं।
Moto G67 और Moto G77 की कीमत और उपलब्धता
UK में, Moto G67 की कीमत GBP 199.99 (लगभग 25,400 रुपये) है और ये हैंडसेट 4GB + 128GB रैम और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध है। ये फोन पैंटोन आर्कटिक सील और पैंटोन नाइल कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
वहीं, Moto G77 की कीमत GBP 250 (लगभग 31,700 रुपये) है और ये 8GB रैम और 128GB स्टोरेज में आता है। इसे पैंटोन शेडेड स्प्रूस और पैंटोन ब्लैक ऑलिव फिनिश में पेश किया गया है। दोनों हैंडसेट चुनिंदा EMEA देशों में Motorola की आधिकारिक वेबसाइट से खरीदे जा सकते हैं।
Moto G67 और Moto G77 के स्पेसिफिकेशन्स
Moto G67 और Moto G77 दोनों में 6.78-इंच का एक्सट्रीम AMOLED डिस्प्ले है जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट, 10-बिट कलर डेप्थ, 100 परसेंट DCI-P3 कलर गैमट और 5,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस है। डिस्प्ले कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i से प्रोटेक्टेड है और इसमें SGS लो ब्लू लाइट और लो मोशन ब्लर सर्टिफिकेशन हैं।
















