Netflix ने अपने लाइव इवेंट्स को और ज्यादा इंटरएक्टिव बनाने के लिए नया फीचर लॉन्च किया है। कैलिफोर्निया के लॉस गैटोस स्थित इस स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने मंगलवार को लाइव वोटिंग फीचर पेश किया, जिससे दर्शक रियल-टाइम में वोट करके शो के नतीजों को प्रभावित कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने नए डिजाइन वाले ऐप और आने वाले AI टूल्स की भी जानकारी दी। Netflix ने बताया कि Q4 2025 में कंपनी ने 12.05 बिलियन डॉलर (करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये) का रेवेन्यू हासिल किया, जो सालाना आधार पर 17.6 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है।
Netflix के नए फीचर्स
20 जनवरी को Netflix ने एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि प्लेटफॉर्म में Live Voting नाम का नया फीचर जोड़ा गया है। फिलहाल इसे अमेरिका में लाइव टैलेंट शो Star Search के लिए शुरू किया गया है। कंपनी के मुताबिक, पहली बार Netflix पर दर्शकों के वोट रियल-टाइम में यह तय करेंगे कि कौन आगे बढ़ेगा और कौन प्रतियोगिता से बाहर होगा।

यह फीचर पारंपरिक टीवी वोटिंग से अलग है। आमतौर पर रियलिटी शो में वोटिंग के लिए कई दिन मिलते हैं और नतीजे बाद में घोषित होते हैं, लेकिन Netflix के इस फीचर में रिजल्ट तुरंत सामने आ जाते हैं।
क्योंकि वोटिंग लाइव होती है, इसलिए दर्शक तभी वोट कर सकते हैं जब वे शो को लाइव देख रहे हों। Netflix के सपोर्ट पेज के अनुसार, अगर कोई यूजर स्ट्रीम को रिवाइंड करता है तो वोटिंग काम नहीं करेगी। यह फीचर वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है और केवल स्मार्ट टीवी, रिमोट, स्ट्रीमिंग डिवाइस और मोबाइल ऐप के जरिए ही इस्तेमाल किया जा सकता है। इस शो में दर्शकों को हर परफॉर्मेंस को एक से पांच स्टार तक रेट करने और कुछ राउंड में अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट को चुनने का मौका मिला।
नया ऐप और AI फीचर्स
इसके अलावा Netflix एक नया डिजाइन वाला मोबाइल ऐप भी लाने जा रहा है। टेकक्रंच की रिपोर्ट के अनुसार, Netflix के को-CEO ग्रेग पीटर्स ने Q4 अर्निंग्स कॉल में बताया कि नया ऐप आने वाले वर्षों में कंपनी के बिजनेस को आगे बढ़ाने में मदद करेगा, हालांकि बदलावों की ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई।
कंपनी वर्टिकल वीडियो फीड्स (मोमेंट्स) को भी बेहतर बनाने की तैयारी में है, जिनमें आगे चलकर वीडियो पॉडकास्ट भी शामिल हो सकते हैं। साथ ही Netflix इस साल दो नए AI फीचर्स लॉन्च करेगा। पहला, AI-आधारित सबटाइटल लोकलाइजेशन, जिससे बिना मतलब बदले कई भाषाओं में सबटाइटल मिल सकेंगे। दूसरा, AI-पावर्ड रिकमेंडेशन टूल, जो यूजर्स को उनकी पसंद के हिसाब से सही कंटेंट सुझाएगा।
















