लंबे समय से जारी गिरावट के बाद ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में निचले स्तरों से खरीदारी देखने को मिल रही है। भाविश अग्रवाल की कंपनी का शेयर पिछले दो कारोबारी सत्रों में 10 फीसदी से अधिक चढ़ गया है।
2 जनवरी को ओला इलेक्ट्रिक के शेयर करीब 9 फीसदी की तेजी के साथ 40.89 रुपये पर बंद हुए।
कंपनी के शेयरों में यह उछाल दिसंबर 2025 में बिजनेस में सुधार के संकेत मिलने के बाद आया है। एक्सचेंज फाइलिंग में ओला इलेक्ट्रिक ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री और बढ़ते मार्केट शेयर की जानकारी दी है।
दिसंबर में बढ़ा मार्केट शेयर
ओला इलेक्ट्रिक ने बताया कि दिसंबर 2025 में 9,020 यूनिट्स का रजिस्ट्रेशन हुआ। इस दौरान कंपनी का मार्केट शेयर नवंबर के 7.2 फीसदी से बढ़कर 9.3 फीसदी हो गया। वहीं, दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में मार्केट शेयर बढ़कर करीब 12 फीसदी तक पहुंच गया, जो डिमांड में मजबूती का संकेत देता है।
हाइपरसर्विस प्रोग्राम के शुरुआती नतीजे
कंपनी ने 1 जनवरी को कहा कि ‘हाइपरसर्विस’ नामक सर्विस ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम के शुरुआती लेकिन मजबूत नतीजे सामने आए हैं। इसके जरिए कस्टमर एक्सपीरियंस में सुधार, डिमांड में बढ़ोतरी और ऑपरेशनल एग्जीक्यूशन को मजबूत किया जा रहा है।
टेक्निकल लेवल्स क्या कहते हैं?
ओला के शेयर के लिए 42.4 रुपये का स्तर अहम रेजिस्टेंस है। अगर यह लेवल टूटता है तो शेयर 45 रुपये तक जा सकता है। वहीं, नीचे की ओर 37 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है।
चार महीने की गिरावट के बाद राहत
सितंबर से दिसंबर के बीच ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। इस दौरान स्टॉक 71 रुपये से फिसलकर करीब 30 रुपये तक आ गया था। हालांकि, अब निचले स्तरों से रिकवरी करते हुए शेयर फिर से 41 रुपये के आसपास पहुंच गया है।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
















