ऑपरेशन सिंदूर में मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। जम्मू-कश्मीर में LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर के पास पाकिस्तान की गतिविधियां लगातार तेज बनी हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान भारत में एक बड़ी घुसपैठ की साजिश रच रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान LoC पर अपने डिफेंस सिस्टम को दोबारा सक्रिय कर रहा है। खासतौर पर पुराने बंकरों को फिर से मजबूत किया जा रहा है, जिन्हें पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाह किया गया था।
भारत में बड़ी घुसपैठ की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी SSG कमांडो भारत में बड़ी घुसपैठ की तैयारी में जुटे हुए हैं। सर्विलांस के दौरान पाकिस्तान की यह साजिश बेनकाब हुई है। LoC पर पाकिस्तान अपने डिफेंस नेटवर्क को नए सिरे से तैयार कर रहा है।
पाकिस्तानी SSG कमांडो बंकरों को मजबूत करने के साथ-साथ वहां से भारतीय गतिविधियों पर कड़ी निगरानी भी रख रहे हैं। ये वही बंकर हैं, जिनका इस्तेमाल पहले भी घुसपैठ के लिए किया जा चुका है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इन बंकरों को भारी नुकसान पहुंचाया गया था।

इन डिफेंस पोस्ट्स पर वॉच टॉवर बनाए गए हैं और सिग्नल जैमर भी लगाए गए हैं। इस काम में पाकिस्तानी सेना को कुछ अन्य देशों से तकनीकी मदद मिलने की भी जानकारी सामने आई है। सामने आई तस्वीरों में पाकिस्तानी SSG के जवान और उनके बंकर साफ तौर पर देखे जा सकते हैं।
इंटरनेशनल बॉर्डर पर सर्च ऑपरेशन शुरू
जम्मू से भी एक बड़ी खबर सामने आई है। कनाचक इलाके में संदिग्ध सैटेलाइट फोन कम्युनिकेशन ट्रेस होने के बाद सेना ने इंटरनेशनल बॉर्डर के पास सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
सैटेलाइट फोन के जरिए आतंकियों की बातचीत इंटरसेप्ट होने से कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। बताया जा रहा है कि यह इलाका इंटरनेशनल बॉर्डर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। बातचीत ट्रेस होते ही सुरक्षाबल तुरंत अलर्ट हुए और इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर के पास पाकिस्तानी ड्रोन
जम्मू-कश्मीर में LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर के पास पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने से हड़कंप मच गया है। सुरक्षाबलों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसके बाद ड्रोन वापस लौट गए।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए हैं, जिससे LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह एक्शन मोड में हैं।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी ड्रोन जम्मू और राजौरी के नौशेरा सेक्टर, सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर और पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में भी नजर आए हैं। इसके बाद इन इलाकों में चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
















