शनिवार दोपहर भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहे इंडिया वन एयर के सेसना ग्रैंड कारवां EX विमान में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति बिगड़ते देख पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और सूझबूझ का परिचय देते हुए जलदा कंसर स्थित गड़िया टोला इलाके के एक खेत में दोपहर करीब 1:40 बजे आपात लैंडिंग कराई।

लैंडिंग के दौरान विमान का दाहिना विंग पास के एक पेड़ की डाल से टकरा गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद विमान जमीन से टकराते हुए लगभग 100 मीटर तक फिसलता चला गया। हादसे के तुरंत बाद गड़िया टोला के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस हादसे में विमान चालक कैप्टन नवीन कडंगा (PIC), कैप्टन तरुण श्रीवास्तव (FO) समेत यात्री सुशांत कुमार विश्वाल, अनिता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल सवार थे। सभी को राउरकेला के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।

उधर, विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही एटीसी ने तत्काल जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस टीमों को घटनास्थल पर रवाना किया और अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसपी नितेश वाधवानी ने स्थिति का जायजा लिया, जबकि डीआईजी ब्रजेश राय भी मौके के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार यह विमान इंडिया वन एयर की नियमित सेवा के तहत भुवनेश्वर से राउरकेला की उड़ान पर था। दोपहर 1:18 बजे विमान का संपर्क कुछ समय के लिए कोलकाता एटीसी के रडार से टूट गया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

इलाके की घेराबंदी, जांच शुरू
हादसे की खबर मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं, नागरिक उड्डयन विभाग की विशेषज्ञ टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
















