रायगढ़, 10 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और साहित्य की राजधानी के रूप में पहचान रखने वाले रायगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराई है। संगीत और कला की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रायगढ़ में पदस्थ केंद्र सरकार के शासकीय विभाग में कार्यरत नीतीश उर्फ एन. राघवेंद्र ने देश के प्रतिष्ठित टीवी रियलिटी शो ‘इंडियाज़ टैलेंट फाइट’ में बेहतरीन प्रस्तुति दी है। उन्होंने सेमीफाइनल दौर से सीधे ग्रैंड फिनाले में प्रवेश कर न केवल रायगढ़ बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
मंच पर प्रस्तुति की शुरुआत एन. राघवेंद्र ने रायगढ़ के प्रमुख धार्मिक व जनआस्था केंद्र बूढ़ी माई मंदिर तथा कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा का स्मरण कर की। उनकी भावनात्मक और सधी हुई गायकी ने न सिर्फ दर्शकों, बल्कि निर्णायक मंडल को भी खासा प्रभावित किया। कार्यक्रम के मुख्य जज प्रख्यात संगीतकार अनु मलिक हैं, जिनकी प्रशंसा किसी भी कलाकार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
एन. राघवेंद्र, जिनका वास्तविक नाम नीतीश कुंडे है, सोशल मीडिया पर भी इसी नाम से लोकप्रिय हैं। वर्तमान में वे रेलवे विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। शहडोल से रायगढ़ स्थानांतरण के बाद से वे यहीं निवासरत हैं और रायगढ़ की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक वातावरण को अपनी संगीत साधना की प्रेरणा बताते हैं।
उन्होंने कहा कि रायगढ़वासियों का स्नेह, आशीर्वाद और निरंतर प्रोत्साहन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी शक्ति है। साथ ही उन्होंने सभी से आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने जानकारी दी कि उनके कार्यक्रम से जुड़े वीडियो शीघ्र ही टीवी चैनल एवं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि रायगढ़ की धरती लंबे समय से संगीत साधकों और कलाकारों की कर्मभूमि रही है। एक बार फिर संगीत के क्षेत्र में रायगढ़ को राष्ट्रीय कला मानचित्र पर सम्मानजनक पहचान मिलने जा रही है।















