Redmi Buds 8 Lite को हाल ही में कुछ चुनिंदा ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया गया है। यह एक ट्रू वायरलेस स्टीरियो (TWS) ईयरबड है, जिसमें एक्टिव नॉइज कैंसलेशन और ऐप के जरिए कंट्रोल करने की सुविधा मिलती है। इसमें 12.4mm के डायनेमिक ड्राइवर दिए गए हैं, साथ ही कॉल के लिए AI-बेस्ड नॉइज रिडक्शन और मल्टी-डिवाइस कनेक्टिविटी का सपोर्ट भी मौजूद है। ये नए ईयरबड्स फास्ट चार्जिंग, वॉटर रेजिस्टेंस और कंपैनियन ऐप के जरिए साउंड कस्टमाइजेशन की सुविधा देते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक भारत में इसके लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
Redmi Buds 8 Lite की कीमत और उपलब्धता
Redmi Buds 8 Lite की कीमत सिंगापुर में SGD 24.90 रखी गई है, जो भारतीय रुपये में करीब 1,700 रुपये होती है। ये ईयरबड्स ब्लू, ब्लैक और व्हाइट रंगों में उपलब्ध हैं और इन्हें Xiaomi की ऑफिशियल वेबसाइट से खरीदा जा सकता है।
Xiaomi, Redmi Buds 8 सीरीज के साथ ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दो महीने का Spotify Premium सब्सक्रिप्शन भी दे रही है। इस ऑफर को 8 अगस्त 2026 तक Xiaomi Earbuds ऐप के जरिए रिडीम किया जा सकता है।
Redmi Buds 8 Lite के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
Redmi Buds 8 Lite में 12.4mm टाइटेनियम डायाफ्राम वाले डायनेमिक ड्राइवर दिए गए हैं। ये ईयरबड्स SBC और AAC ऑडियो कोडेक को सपोर्ट करते हैं। कंपनी के मुताबिक, यूजर्स पांच प्रीसेट EQ मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं या Xiaomi Earbuds ऐप के जरिए अपनी पसंद के अनुसार साउंड सेटिंग्स बदल सकते हैं।

इन ईयरबड्स में 42dB तक का हाइब्रिड एक्टिव नॉइज कैंसलेशन दिया गया है। कॉलिंग के दौरान बेहतर आवाज के लिए डुअल-माइक्रोफोन AI-बेस्ड नॉइज कैंसलेशन भी मिलता है। इसके अलावा, विंड नॉइज को कम करने के लिए खास स्ट्रक्चर और एल्गोरिदम दिया गया है, जो बाहर इस्तेमाल के दौरान कॉल क्वालिटी को बेहतर बनाता है।
कनेक्टिविटी के लिए इनमें ब्लूटूथ 5.4, डुअल-डिवाइस पेयरिंग और कॉल के समय ऑटोमैटिक डिवाइस स्विचिंग की सुविधा मिलती है। ये Android डिवाइस के साथ फटाफट कनेक्ट होने के लिए Google Fast Pair को भी सपोर्ट करते हैं।
Xiaomi Earbuds ऐप के जरिए यूजर्स ANC मोड, EQ सेटिंग्स, टच कंट्रोल और फर्मवेयर अपडेट को आसानी से मैनेज कर सकते हैं। टच कंट्रोल से म्यूजिक प्ले/पॉज करना, कॉल उठाना या काटना, ट्रैक बदलना और नॉइज कंट्रोल मोड स्विच करना आसान हो जाता है।
बैटरी की बात करें तो हर ईयरबड में 45mAh की बैटरी दी गई है, जबकि चार्जिंग केस में 475mAh की बैटरी मिलती है। कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर ईयरबड्स करीब 8 घंटे तक चलते हैं और चार्जिंग केस के साथ कुल 36 घंटे तक का बैकअप मिलता है। फास्ट चार्जिंग की मदद से सिर्फ 10 मिनट चार्ज करने पर लगभग 2 घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट दिया गया है।
Redmi Buds 8 Lite को डस्ट और पानी की छींटों से बचाने के लिए IP54 रेटिंग मिली है। हर ईयरबड का वजन करीब 4.5 ग्राम है, जबकि चार्जिंग केस का वजन 35.2 ग्राम है। कुल मिलाकर इसका वजन लगभग 45.3 ग्राम है।
















