केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की सूची जारी कर दी है। इस साल कुल 131 हस्तियों को पद्म अवॉर्ड देने का ऐलान किया गया है, जिनमें खेल जगत से 9 खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम भी शामिल है।
रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में साल 2024 का टी20 वर्ल्ड कप जिताकर देश को गौरवान्वित किया था। वहीं हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने साल 2025 में आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।
रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को मिलेगा पद्म श्री
केंद्र सरकार ने खेल जगत से चुनी गई हस्तियों में रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित करने का फैसला लिया है। रोहित शर्मा को विश्व क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों में गिना जाता है। कप्तान के तौर पर भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अलावा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भी जीती थी।
वहीं हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला क्रिकेट की पहली ऐसी कप्तान हैं, जिनके नेतृत्व में टीम ने आईसीसी ट्रॉफी जीती है।
विजय अमृतराज को मिलेगा पद्म भूषण
खेल जगत से पद्म पुरस्कार पाने वालों में पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज का नाम भी शामिल है, जिन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पद्म श्री के लिए चुने गए खिलाड़ियों में सविता पूनिया, प्रवीण कुमार, के. पजनीवेल, बलदेव सिंह, भगवानदास रायकवार और जॉर्जिया के व्लादिमीर मेस्टविरिश्विली का नाम शामिल है।
इस साल कुल 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार दिए जाएंगे। सूची में 19 महिला पुरस्कार विजेता, 6 विदेशी या विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के लोग और 16 मरणोपरांत सम्मान भी शामिल हैं।
















