रायगढ़, 6 फरवरी।
जिले की जिम्मेदारी संभालते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने अवैध शराब, जुआ–सट्टा, देह व्यापार और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए उनके निर्देशन में जिलेभर में 48 घंटे का विशेष महा अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ पुलिस टीमों को तैनात कर सुनियोजित तरीके से दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलेभर से 214 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
अभियान की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ राज्य से बाहर जाकर भी फरार वारंटियों की तलाश की और उन्हें पकड़कर रायगढ़ लाया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून से बचना अब मुश्किल है।
इस विशेष अभियान में तमनार पुलिस ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 26 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इसी दौरान वर्ष 2004 के मारपीट और चोरी के मामले में 22 साल से फरार वारंटी साधुराम राठिया पिता जगन्नाथ राठिया, निवासी टांगरघाट थाना तमनार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पंजाब में छिपकर रह रहा था और हाल ही में गांव लौटने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
















