हफ्ते के आखिरी कारोबार दिन आज यानी शुक्रवार, 31 अक्टूबर को सेंसेक्स 300 अंक गिरकर 84,100 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में 100 अंक की गिरावट आ गई है, ये 25,800 पर है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में 300 अंक तक की तेजी थी।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में तेजी है। मारुति, TCS और भेल के शेयर्स ऊपर हैं। NTPC, टाटा स्टील और कोटक बैंक के शेयरों में गिरावट है।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 29 में तेजी है। NSE के ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी इंडेक्स में तेजी है। वहीं, मीडिया, मेटल और फार्मा में गिरावट है।
ग्लोबल मार्केट में मिलाजुला कारोबार
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.21% चढ़कर 51,948 पर और कोरिया का कोस्पी 0.40% ऊपर 4,103 पर कारोबार कर रहा है।
हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.80% गिरकर 26,071 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.63% नीचे 3,961 पर कारोबार कर रहा है।
30 अक्टूबर को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.23% गिरकर 47,522 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 1.57% और S&P 500 0.99% गिरकर बंद हुए।
लेंसकार्ट का IPO आज से ओपन
आईवियर कंपनी लेंसकार्ट का IPO आज यानी 31 अक्टूबर से ओपन हो रहा है। निवेशक इस IPO के लिए 4 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे। इस इश्यू का प्राइस बैंड ₹382 से ₹402 प्रति शेयर है।
निवेशक मिनिमम एक लॉट यानी 37 शेयर्स के लिए 14,874 रुपए से बोली लगा सकेंगे। कंपनी के शेयर 10 नवंबर को BSE-NSE पर लिस्ट होंगे। लेंसकार्ट इस IPO के जरिए करीब 7,278 करोड़ रुपए जुटाएगी।
















