मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 जनवरी को नारायणपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इस मौके पर प्रदेश की 68 लाख 39 हजार 592 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी।
1 मार्च 2024 से शुरू हुई योजना
छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 1 मार्च 2024 को महतारी वंदन योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र की विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, ताकि वे अपनी जरूरतों को पूरा कर सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
अब तक 14,954.42 करोड़ रुपये ट्रांसफर
योजना की शुरुआत से अब तक 23 किस्तों के जरिए महिलाओं के खातों में कुल 14,954.42 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं। 24वीं किस्त के रूप में 641.34 करोड़ रुपये जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर 15,595.77 करोड़ रुपये हो जाएगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की अहम पहल मानी जा रही है।
महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शहीद दिवस पर देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले सभी अमर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है।
आंध्र प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन में आंध्र प्रदेश सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन के अध्यक्ष दिनकर लंका ने सौजन्य भेंट की। यह भेंट अध्ययन दौरे के तहत हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लखपति दीदी योजना सहित कई योजनाओं पर चर्चा की गई।
राज्य नीति आयोग की अधिकारी डॉ. नीतू गार्डिया ने छत्तीसगढ़ विज़न 2047 की जानकारी दी, जबकि दिनकर लंका ने स्वर्ण आंध्र विज़न 2047 के तहत 2.40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर प्रकाश डाला। प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की योजनाओं को प्रभावी और प्रेरणादायक बताया।
















