रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 8 फरवरी को एक ही दिन दो बड़ी परीक्षाएं होने से परीक्षार्थी परेशान हैं। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने 8 फरवरी को नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) के जूनियर इंजीनियर पद की परीक्षा तय की है। वहीं, इसी दिन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन 2026 (प्रीलिम्स) की परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
एक ही दिन दो परीक्षाएं होने के कारण अभ्यर्थी दोनों परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाएंगे और उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित होना पड़ेगा। इसे लेकर कई अभ्यर्थियों ने व्यापमं को आवेदन देकर परीक्षा की तारीख बदलने की मांग की है, लेकिन अब तक व्यापमं की ओर से कोई राहत नहीं दी गई है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि इस लापरवाही के चलते छत्तीसगढ़ के करीब 20 हजार इंजीनियरिंग छात्रों की एक महत्वपूर्ण परीक्षा छूट सकती है, जिससे उनके भविष्य पर असर पड़ेगा।
परीक्षा तिथि बदलने की मांग तेज
दरअसल, व्यापमं ने 8 फरवरी को NRDA जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा तय की है, जबकि UPSC ने इंडियन इंजीनियरिंग सर्विसेज परीक्षा का कैलेंडर लगभग एक साल पहले ही जारी कर दिया था। इसके बावजूद दोनों परीक्षाएं एक ही दिन रखी गई हैं।
दोनों ही परीक्षाएं इंजीनियरिंग से जुड़ी होने के कारण इंजीनियरिंग छात्रों को सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का पूरा अधिकार है।
इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थियों ने मांग की है कि व्यापमं अपनी परीक्षा की तारीख में बदलाव करे, ताकि छात्र दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकें।
















