उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर का असर लगातार बना रहेगा। रविवार को मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। कड़ाके की ठंड कई राज्यों को अपनी चपेट में रखेगी, जिससे अनेक इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है। खासतौर पर सुबह के वक्त पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने और दिनभर ठंड बने रहने की संभावना जताई गई है।
कहां-कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश सहित राज्यों में कई स्थानों पर सामान्य से कम न्यूनतम तापमान दर्ज किए जाने की उम्मीद है. रांची, पटना, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, रीवा के साथ-साथ जयपुर, अजमेर, जैसलमेर और बीकानेर जैसे शहरों में सामान्य से अधिक ठंड रहने की संभावना है. पंजाब और हरियाणा में भी इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी, जबकि दिल्ली में भी सुबह काफी ठंडी रहने की उम्मीद है
कहां-कहां रहेगा कोहरा?
कोहरे की स्थिति सीमित रहने की संभावना जताई जा रही है। घना कोहरा मुख्य रूप से पंजाब के अलग-अलग इलाकों और राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल सकता है, जिनमें भरतपुर, कोटा, सवाई माधोपुर और अलवर शामिल हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों जैसे ग्वालियर और गुना में भी कोहरा छाने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे से काफी हद तक राहत रहने के आसार हैं और अगर कोहरा बनता भी है, तो उसके ज्यादा देर तक टिके रहने की संभावना कम है।
दक्षिण भारत में हो सकती है बारिश
इस दौरान दक्षिण भारत का मौसम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक सिस्टम से प्रभावित बना हुआ है, जो दक्षिणी प्रायद्वीप से होते हुए पश्चिम की ओर अरब सागर की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से तटीय तमिलनाडु में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं तमिलनाडु के अंदरूनी इलाकों, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बादल छाए रह सकते हैं। केरल के प्रमुख शहरों जैसे कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में भी बादल बने रहने के आसार हैं। इसके अलावा दक्षिण आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी महाराष्ट्र के पुणे, सांगली, सतारा, कोल्हापुर, सोलापुर, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, रायगढ़ और गोवा में भी बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है।
















