बॉक्स ऑफिस पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने के बाद रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ अब 30 जनवरी 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु—तीनों भाषाओं में रात 12 बजे स्ट्रीम की गई। हालांकि, ओटीटी रिलीज के बाद फिल्म को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल, फैंस का कहना है कि नेटफ्लिक्स पर रिलीज किए गए वर्जन में फिल्म से करीब 10 मिनट के सीन हटा दिए गए हैं और कुछ डायलॉग्स को म्यूट कर दिया गया है। जैसे ही दर्शकों को इस बदलाव का पता चला, उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी।
फिल्म ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और थिएटर में इसका रनटाइम 3 घंटे 34 मिनट था। वहीं, ओटीटी पर जारी वर्जन की लंबाई करीब 3 घंटे 25 मिनट बताई जा रही है। इसी वजह से फैंस अनसेंसर्ड वर्जन की मांग कर रहे हैं।
नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर फिल्म की ओटीटी रिलीज की जानकारी साझा की थी। पोस्ट में लिखा गया, “इस एपिक कहानी को देखें—धुरंधर अब नेटफ्लिक्स पर हिंदी, तमिल और तेलुगु में स्ट्रीम हो रही है।” शुरुआत में फैंस ने इस खबर का स्वागत किया, लेकिन कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब प्लेटफॉर्म 18+ कैटेगरी में आता है, तो फिर फिल्म के डायलॉग्स और सीन को सेंसर करने की जरूरत क्यों पड़ी। फिलहाल इस पूरे मामले पर मेकर्स या नेटफ्लिक्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि रणवीर सिंह की इस फिल्म के सीक्वल ‘धुरंधर 2’ को इसी साल 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है।
सोशल मीडिया यूजर्स रिएक्शन
लोगों ने इन बदलावों को नोटिस करते हुए अपनी प्रतिक्रिया X पर शेयर की। एक यूजर ने लिखा, ‘उफ, नेटफ्लिक्स इंडिया ने मूड खराब कर दिया। हमें अनसेंसर्ड वर्जन चाहिए।’ एक और यूजर ने लिखा, ‘उन्होंने 10 मिनट काट दिए।’ एक और X पोस्ट में लिखा था, ‘यह अनसेंसर्ड वर्जन नहीं है।’
धुरंधर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने 56 दिनों में भारत में 835.83 करोड़ रुपये कमाए हैं। दुनिया भर में यह आंकड़ा 1,344.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस बीच भारत में फिल्म की कुल कमाई 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है, जबकि फिल्म का बजट 250 करोड़ रुपये था।
















