कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को शुक्रवार को बम से उड़ाने और हाईजैक करने की धमकी मिली, जिसके बाद विमान को तुरंत अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया। सुरक्षा कारणों से फ्लाइट की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
धमकी की जानकारी विमान के अंदर टिशू पेपर पर लिखे एक नोट के जरिए सामने आई, जिसमें बम और हाईजैक की बात लिखी थी। सूचना मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया और तय प्रक्रिया के तहत विमान को अहमदाबाद उतारा गया।
फ्लाइट में सवार 180 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच शुरू की गई। अब तक किसी भी यात्री के पास से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे विमान की भी बारीकी से तलाशी ले रही हैं।
धमकी की जांच के लिए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को मौके पर बुलाया गया है। जांच पूरी होने और सुरक्षा एजेंसियों से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही फ्लाइट को आगे की उड़ान की अनुमति दी जाएगी। इस कारण यात्रियों को दिल्ली पहुंचने में देरी हो सकती है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में विमानों और सार्वजनिक जगहों को बम से उड़ाने की धमकियों के मामले सामने आते रहे हैं। इससे पहले भी इंडिगो की एक फ्लाइट को इसी तरह की धमकी मिलने पर लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।
















