उत्तर प्रदेश के वाराणसी, अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़ और अमरोहा के जिला अदालतों को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और सभी कोर्ट परिसरों को खाली करा दिया गया।
एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। साथ ही पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
मेरठ जिला एवं सत्र न्यायालय में धमकी मिलने के बाद तुरंत परिसर खाली कराया गया। वकील अपने चैंबर छोड़कर बाहर आ गए और सुनवाई के लिए आए लोग भी वापस लौट गए। फिलहाल किसी को भी कोर्ट परिसर के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
एएसपी बजरंग प्रसाद और सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी की मौजूदगी में पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी जिला जज की ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया था, जिसमें जज और वकीलों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए जांच शुरू कर दी थी।
एसएसपी अविनाश पांडे के मुताबिक, धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है और साइबर टीम इसकी पड़ताल में जुटी हुई है। फिलहाल सभी जगहों पर स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
आजमगढ़ में कचहरी को उड़ाने की मिली धमकी
आजमगढ़ दीवानी कचहरी को ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। सूचना मिलते ही कचहरी परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और सभी न्यायिक कार्यवाही स्थगित कर दी गईं।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। एसएसपी सहित कई अधिकारी जांच में जुटे हैं और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अमरोहा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
अमरोहा जिला न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण रोकने की मांग की गई और जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स बम होने का दावा किया गया।
धमकी के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने कचहरी परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल, ईमेल भेजने वाले की जांच जारी है।
जिसके बाद कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस घटना से वकीलों और कर्मचारियों में भय है, पुलिस जांच कर रही है और सुरक्षा मजबूत करने का आश्वासन दिया है।

















