सरायपाली। समाज के लिए समाज द्वारा निर्मित प्रस्तावित अग्रोहा धाम भवन, सरायपाली के भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और समाज के लोगों में खासा जोश नजर आ रहा है। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल होंगे। उनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह और नगरपालिका अध्यक्ष सरायपाली की उपस्थिति भी तय मानी जा रही है।
इसके अलावा रायपुर, रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर सहित आसपास के जिलों की अग्रवाल सभाओं ने भी कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दे दी है। भूमि पूजन के अवसर पर अग्रोहा धाम भवन में प्रस्तावित हॉल, कमरों, मंदिर, कुआं और बोरवेल के निर्माण में सहयोग करने वाले समाजसेवियों और दानदाताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जहां उनका सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति और समाज के लोग दिन-रात तैयारी में जुटे हुए हैं। बताया गया है कि अग्रोहा धाम भवन के निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ और ओडिशा में होने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक और वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए एक सुसज्जित और सुविधाजनक स्थल उपलब्ध होगा, जिससे समाज को बड़ी सुविधा मिलेगी।
















