यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली जंक्शन और वाराणसी के बीच वीकेंड स्पेशल सुपरफास्ट आरक्षित ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन के आने से यात्रियों को सफर में आसानी होगी।
ट्रेन संख्या 04024/04023 दिल्ली जंक्शन-वाराणसी-दिल्ली जंक्शन आरक्षित सुपरफास्ट स्पेशल चलेगी और यह कुल चार राउंड ट्रिप करेगी।
दिल्ली जंक्शन से ट्रेन 23 और 25 जनवरी को चलेगी, जबकि वाराणसी से वापसी 24 और 26 जनवरी को होगी। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे, ताकि सभी प्रकार के यात्री आसानी से सफर कर सकेंगे ।

क्या होगा ट्रेन रूट और टाइमिंग?
ट्रेन संख्या 04024 दिल्ली जंक्शन से वाराणसी के लिए शाम 19:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 20:08 बजे गाजियाबाद, 22:30 बजे मुरादाबाद, 03:30 बजे लखनऊ, 04:55 बजे रायबरेली जंक्शन, और 06:35 बजे मां बेल्हा देवी धाम पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन सुबह 09:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 04023 वाराणसी से दिल्ली जंक्शन के लिए शाम 18:35 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 20:20 बजे मां बेल्हा देवी धाम, 21:58 बजे रायबरेली जंक्शन, 00:20 बजे लखनऊ, 05:17 बजे मुरादाबाद और 08:00 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन सुबह 08:50 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। वीकेंड स्पेशल ट्रेन के संचालन से दिल्ली-पूर्वांचल रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी और भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
नये रेलवे स्टेशन पर गड्ढे होने की शिकायत
एक व्यक्ति ने गाजियाबाद नया रेलवे स्टेशन पर गड्ढे होने की शिकायत की है। कपिल मलिक नाम के व्यक्ति ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि स्टेशन पर काफी दिन से गड्ढे हैं। रेलवे ने इनको खुला छोड़ रखा है। इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
















