नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही कर्मचारियों की नजरें सैलरी बढ़ोतरी पर टिकी हुई हैं। 1 जनवरी से वेतन बढ़ने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन फिलहाल सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।
8वें वेतन आयोग के तहत करीब 50 लाख से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी और लगभग 69 लाख पेंशनर्स आते हैं। ऐसे में वेतन, भत्तों और पेंशन को लेकर कर्मचारियों और पेंशनर्स के मन में कई तरह के सवाल बने हुए
8वें वेतन आयोग के लिए कमेटी का गठन
केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग (8th pay commission) के गठन को मंजूरी दे दी है। इस आयोग की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई करेंगी। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज जैन (1990 बैच) को सदस्य-सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं आईआईएम बेंगलरु के प्रोफेसर पुलक घोष पार्ट-टाइम सदस्य बनाए गए हैं।

इस आयोग का औपचारिक गठन तो हो चुका है, लेकिन फिलहाल संशोधित वेतन संरचना को लागू नहीं किया गया है। कर्मचारी साल की शुरुआत से ही सरकार की ओर से नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं, हालांकि अभी तक वेतन बढ़ोतरी को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं हुई है।
सरकार ने केंद्रीय वेतन आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया है। रिपोर्ट आने के बाद इसे कैबिनेट की मंजूरी मिलनी होगी। इस पूरी प्रक्रिया के पूरा होने के बाद वेतन आयोग को लागू होने में करीब छह महीने और लग सकते हैं।

2026 में सैलरी बढ़ेगी या नहीं?
केंद्रीय वेतन आयोग का गठन प्रति दस साल में एक बार होता है। इसी के तहत केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी की थी कि आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी, 2026 से लागू होंगी।
8वें वेतन आयोग को अभी तक लागू नहीं किया गया है, लेकिन सरकारी नियमों के अनुसार नए वेतनमान लागू होने के बाद जितनी भी राशि बढ़ाई जाएगी, उसे 1 जनवरी से ही बढ़ा हुआ माना जाएगा। इसका मतलब यही है कि लोगों को बढ़ा हुआ वेतन 1 जनवरी, 2026 से ही लगाकर दिया जाएगा।
डॉ. मंजीत पटेल का कहना है कि अगर तय समय में काम पूरा हुआ, तब जनवरी 2028 तक कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी मिलेगी। लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक संकेतों की मानें तो जुलाई 2027 तक भी ये प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
कितनी बढ़ेगी सैलरी?
अर्थशास्त्रियों और कई नीति विशेषज्ञों का मानना है कि 8वें वेतन आयोग के तहत लोगों की सैलरी में काफी बढ़त देखने को मिल सकती है। देश के 50 लाख से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी और करीब 69 लाख पेंशनर्स आठवें वेतन आयोग के दायरे में हैं।
8वें वेतन आयोग के लागू होने से लोगों की बेसिक सैलरी ही नहीं बल्कि HRA, ट्रैवल अलाउंस और मेडिकल अलाउंस में भी बढ़ोत्तरी की संभावना है, जिसके चलते लोगों की इन-हैंड सैलरी में भारी इजाफा देखने को मिल सकता है।

















