रायगढ़। रायगढ़ जिले में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वह दूसरे जिले से गौरा-गौरी महोत्सव देखने आया था। 16 जनवरी की सुबह उसका शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। यह मामला जोबी चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह ग्राम पंचायत पंडरमुड़ा के ठोढ़ी में ग्रामीणों ने देखा कि एक युवक फांसी के फंदे पर लटका है। इसकी सूचना तुरंत जोबी चौकी को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा।
पूछताछ में पता चला कि युवक का नाम सुरेंद्र राठिया है। वह 21 साल का था और चांपा जिले के ग्राम चचिया का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह गौरा-गौरी महोत्सव देखने अपने एक रिश्तेदार के घर आया था।
पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
















