रायगढ़, 08 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त और संवेदनशील कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में महिला थाना पुलिस ने एक नाबालिग से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले को लेकर 6 फरवरी की रात पीड़िता के पिता ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी की शाम वह अपनी पत्नी के साथ नटवर स्कूल में प्रवचन सुनने गए थे और घर पर बच्चे मौजूद थे। रात करीब 10 बजे घर लौटने पर उनकी बेटी ने बताया कि इसी दौरान दिलसाय चौहान छत के रास्ते घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने और मारपीट की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। महिला थाना में अपराध क्रमांक 08/2026 धारा 331(4), 74, 75(2), 115(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलसाय चौहान पिता स्व. समारू चौहान, उम्र 25 वर्ष, निवासी रायगढ़, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह सहित महिला थाना का स्टाफ शामिल रहा।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनके सम्मान के खिलाफ होने वाले हर अपराध पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अपराध की सूचना बिना डर के पुलिस को दें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और समाज में सुरक्षित माहौल बना रहे।
















