
रायपुर, 15 अगस्त 2025
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला मुख्यालय के फतेह सिंह खेल मैदान में 79 वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल व पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश आमजन के नाम वाचन किया गया और रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर उत्सव की शुरुआत की गई।
परेड में शामिल सशस्त्र बल वर्ग में भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस 40 वीं वाहिनी प्रथम, जिला पुलिस बल (पुरुष) द्वितीय और जिला महिला पुलिस बल तृतीय स्थान पर रही। कनिष्ठ वर्ग में स्काउट गाइड बालिका सरस्वती शिशु मंदिर खैरागढ़ ने प्रथम, एनसीसी बालक डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी खैरागढ़ ने द्वितीय और स्काउट गाइड बालिका आत्मानंद स्कूल खैरागढ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।
समारोह में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए निकेश यादव के पिता पुरुषोत्तम यादव को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, मीसाबंदी सुभाष सिंह ठाकुर, अंगदान करने वाली स्वर्गीय मुन्नी गोसाई के परिवार सहित अन्य मिसाबंदी परिवारों को भी सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के 76 अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यो के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी गीतों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां से पूरे माहौल को देशभक्ति और उत्साह से भर दिया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक कोमल जघेल, वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
















