सोने-चांदी के दाम आज यानी शुक्रवार, 5 सितंबर को नए हाई पर पहुंचे। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 501 रुपए बढ़कर 1,06,446 पर पहुंच गई। हालांकि, कारोबार खत्म होने पर सोने का दाम 393 बढ़कर 1,06,338 रुपए पर आ गया। एक दिन पहले इसकी कीमत 1,05,945 रुपए प्रति 10 ग्राम पर थी।
वहीं चांदी की कीमत आज 374 रुपए बढ़कर 1,23,581 रुपए के नए हाई पर पहुंच गई थी। वहीं कारोबार बंद होने पर इसकी कीमत 37 रुपए गिरकर 1,23,170 पर आ गई। कल एक किलो चांदी 1,23,207 रुपए में बिक रही थी।
इस साल सोना ₹30,000 और चांदी ₹37,000 महंगी हुई
इस साल अब तक सोने की कीमत 30,176 रुपए (40%) बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,06,338 रुपए का हो गया है।
चांदी का भाव भी इस दौरान 37,153 रुपए (43%) बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,23,170 रुपए प्रति किलो हो गई है।
इस साल ₹1.46 लाख तक जा सकती है चांदी
मार्केट एक्सपर्ट केडिया कमोडिटी के अनुसार, 2025 के आखिर तक एक किलो चांदी की कीमत 1.30 लाख रुपए तक पहुंच सकती है। मनीकंट्रोल अनुमान है कि चांदी में 34% की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कीमत ₹1,46,000 प्रति किलोग्राम तक जा सकती है।
यह अनुमान गोल्ड-सिल्वर रेश्यो के सामान्य स्तर (60:1) पर आधारित है। वहीं, सिटीग्रुप की रिपोर्ट में कहा गया है कि चांदी की कीमत ₹1,20,000 से ₹1,30,000 प्रति किलोग्राम के बराबर हो सकता है।
इस साल ₹1 लाख 4 हजार तक जा सकता है सोना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि अमेरिका के टैरिफ के चलते जियो पॉलिटिकल टेंशन बनी हुई है। इससे गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है और इसकी डिमांड भी बढ़ रही है।
ऐसे में इस साल सोना 1 लाख 4 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं, चांदी इस साल 1 लाख 30 हजार रुपए तक जा सकती है।