रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए रेलवन ऐप के जरिए बुक होने वाली अनरिज़र्व्ड यानी जनरल टिकट पर खास छूट की स्कीम शुरू की है। इस स्कीम के तहत आज से रेलवन ऐप पर जनरल टिकट बुक करने पर अगर यात्री UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भुगतान करते हैं, तो उन्हें टिकट पर 3% तक की छूट मिलेगी।
वहीं, टिकट बुकिंग के दौरान अगर यात्री R-वॉलेट से पेमेंट करते हैं तो उन्हें और ज्यादा फायदा होगा। रेलवे ने R-वॉलेट के जरिए भुगतान करने पर मिलने वाली छूट को बढ़ाकर 6% कर दिया है, यानी यात्रियों को दोगुना लाभ मिलेगा।
कब तक लागू रहेगी स्कीम?
रेलवे का कहना है कि ये नई स्कीम 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी। इसका मतलब है कि पैसेंजर्स को पूरे 6 महीने तक इस डिस्काउंट का लाभ मिलने वाला है। रेलवे ने इस स्कीम का ऐलान 30 दिसंबर को किया था, जिसे अब लागू कर दिया गया है।
कैसे मिलेगा टिकट पर डिस्काउंट?
भारतीय रेलवे ने साफ कहा है कि ये 3% और 6% डिस्काउंट सिर्फ और सिर्फ RailOne एप पर ही मिलेगा। यानी अगर कोई पैसेंजर किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या वेबसाइट से जनरल टिकट बुक करता है, तो उसे इस डिस्काउंट का फायदा नहीं मिलेगा। रेलवे का उद्देश्य पैसेंजर्स को ऑफिशियल एप की तरफ शिफ्ट करना और स्टेशंस पर टिकट काउंटर्स पर लगने वाली भीड़ को कम करना है।
- सबसे पहले अपने फोन में RailOne एप डाउनलोड करें।
- एप में रजिस्ट्रेशन करें और अनरिजर्व्ड टिकट बुकिंग वाला ऑप्शन सेलेक्ट करें।
- पैसेंजर की जानकारी भरें और इसके बाद पेमेंट पेज पर जाएं।
- इसके बाद UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से पेमेंट करें।
- अब आपको टिकट पर डिस्काउंट मिल जाएगा।
















