गणतंत्र दिवस 2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है, जिसका सीधा असर हवाई यात्रियों पर पड़ा है। 22 जनवरी से 26 जनवरी तक रायपुर–दिल्ली और दिल्ली–रायपुर रूट पर एयर इंडिया की सुबह की फ्लाइट रद्द कर दी गई है। इस दौरान यात्री सुबह के समय दिल्ली की यात्रा नहीं कर पाएंगे।
सुबह की फ्लाइट पूरी तरह रद्द
सूत्रों के मुताबिक, 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाले एयर शो और राष्ट्रीय समारोहों की रिहर्सल सुबह के समय की जाती है। साथ ही वीआईपी मूवमेंट भी ज्यादा रहता है। इन्हीं कारणों से सुरक्षा एजेंसियों ने यह फैसला लिया है। आमतौर पर ऐसे मौकों पर फ्लाइट्स को री-शेड्यूल किया जाता है, लेकिन पहली बार सुबह की फ्लाइट को पूरी तरह कैंसिल किया गया है।
सिर्फ एयर इंडिया की सुबह की उड़ान प्रभावित
रायपुर से दिल्ली के लिए सुबह के समय एयर इंडिया की एक ही फ्लाइट संचालित होती है, जिसे रद्द किया गया है। हालांकि दोपहर और शाम के समय इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस की फ्लाइट्स फिलहाल तय शेड्यूल के अनुसार चलती रहेंगी।
फ्लाइट रद्द होने से बढ़ा किराया
सुबह की फ्लाइट रद्द होने का असर दोपहर की उड़ानों के किराए पर भी दिख रहा है। शुक्रवार और शनिवार को टिकट के दाम बढ़कर 12 से 14 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। वहीं रविवार और सोमवार को यात्रा करने पर 6 से 8 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। आम दिनों में यही टिकट 6 हजार रुपये से कम में मिल जाती है। यात्रियों को फ्लाइट रद्द होने की सूचना पहले ही दे दी गई है, ताकि वे वैकल्पिक इंतजाम कर सकें।
एयरपोर्ट पर बढ़ी सुरक्षा जांच
राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए रायपुर एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सुरक्षा जांच की जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें। गणतंत्र दिवस समारोह समाप्त होने के बाद ही फ्लाइट्स अपने पुराने शेड्यूल पर लौटेंगी।
















