रायगढ़, 3 फरवरी।
ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन होने पर जिले में पदस्थ रहे स्वर्गीय प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर की पत्नी श्रीमती सरस्वती सिंह ठाकुर तथा जीआरपी थाने में पदस्थ स्वर्गीय राम सिंह लकड़ा की पत्नी श्रीमती किरण लकड़ा को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 10-10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। यह राशि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं एसबीआई शाखा पुसौर के प्रबंधक द्वारा सौंपते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने दोनों परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्राप्त राशि का सही और सोच-समझकर उपयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बड़ी रकम मिलने पर कई बार लोग रुपए दोगुना करने के नाम पर फर्जी निवेश योजनाओं में फंसा देते हैं, जिससे आर्थिक नुकसान हो सकता है। बैंक प्रबंधन ने भी बताया कि इस तरह के मामलों में फेक कॉल और झूठे निवेश प्रस्ताव बढ़ जाते हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शोक संतप्त परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस विभाग केवल एक सेवा संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में पुलिस परिवार हर स्तर पर उनके साथ खड़ा है और आगे भी किसी भी प्रकार की सहायता की जरूरत होने पर पूरा सहयोग दिया जाएगा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले के सभी पुलिसकर्मियों का पुलिस सैलरी पैकेज कराया गया है, जिसके तहत आकस्मिक दुर्घटना या निधन की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की बीमा राशि का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ड्यूटी जोखिम भरी होती है और यह बीमा सुरक्षा परिवारों के लिए कठिन समय में एक मजबूत सहारा साबित होती है।
















