छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अंबिकापुर–जबलपुर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके दोनों पैर जांघ के पास से कट गए। घायल युवक रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी 24 वर्षीय मयंक तिवारी शनिवार शाम दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रात करीब 10:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह सूरजपुर रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर दूर ट्रेन की चपेट में आ गया है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि युवक पटरी पर गंभीर हालत में पड़ा था। ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी, लेकिन नीचे उतरे यात्री उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
इसी दौरान कटनी से अंबिकापुर जा रही एक युवती ने साहस दिखाया। उसने मोबाइल की टॉर्च जलाकर ट्रेन के नीचे घुसकर युवक को अपने स्टॉल से बांधा और सुरक्षित बाहर निकाला। घायल हालत में भी युवक होश में था। युवती ने उसका मोबाइल लेकर पासवर्ड पूछा और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

घायल युवक को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि युवक के पैर बांधकर उसे पटरी पर लिटाया गया था। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साथ यह घटना हुई।
हालांकि, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
















