दिल्ली में एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में हुए विरोध प्रदर्शन मामले में लगातार गिरफ्तारियां जारी हैं। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
पटियाला हाउस कोर्ट में बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। कोर्ट परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात की गई है। वहीं, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोर्ट के बाहर जमा हो गए हैं।
भूपेश बघेल ने जताई नाराजगी
इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा उदय भानु चिब और अन्य युवाओं की गिरफ्तारी गलत है।
शांतिपूर्ण विरोध का किया दावा
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लोकतंत्र में युवाओं का अपनी बात रखना, सवाल पूछना और विरोध करना अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी।
सरकार पर दमन का आरोप
पूर्व सीएम ने कहा कि यह विरोध पूरी तरह लोकतांत्रिक और जायज था, लेकिन इसे दबाने के लिए सरकार पुलिस कार्रवाई का सहारा ले रही है। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया।
तुरंत रिहाई की मांग
भूपेश बघेल ने मांग की है कि उदय भानु चिब समेत सभी गिरफ्तार IYC कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए आरोप वापस लिए जाएं। साथ ही ऐसी कार्रवाईयों को तुरंत रोका जाए।
















