सरकार ने अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट पर सख्ती दिखाते हुए 5 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बड़ा एक्शन लिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने MoodXVIP, Koyal Playpro, Digi Movieplex, Feel और Jugnu जैसे प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक करने का आदेश जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई तय प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई है।
ऐप्स को स्टोर से भी हटाया गया
सरकार के निर्देश के बाद इन सभी ऐप्स को Google Play Store और Apple App Store से भी हटा दिया गया है। इन प्लेटफॉर्म्स के लाखों डाउनलोड थे और इन पर अश्लील कंटेंट दिखाया जा रहा था।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले भी सरकार ने सख्ती दिखाते हुए ALTT, Ullu और Desiflix समेत 25 ओटीटी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। अब नए 5 ऐप्स के बैन के बाद कुल 30 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई हो चुकी है।
2025 में भी लगे थे बैन
हाल ही में बजट सत्र के दौरान केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने जानकारी दी थी कि 2025 में 25 ओटीटी ऐप्स को आपत्तिजनक कंटेंट के कारण बैन किया गया था। इन पर कार्रवाई गृह मंत्रालय और महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े संगठनों से सलाह लेने के बाद की गई थी।
IT एक्ट के तहत कार्रवाई
सरकार के अनुसार, इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो बड़ी संख्या में प्रसारित किए जा रहे थे। इस पर Information Technology Act 2000 की धारा 67 और 67ए के तहत कार्रवाई की गई है। इन धाराओं के तहत ऑनलाइन अश्लील कंटेंट प्रसारित करना अपराध है।
इसके अलावा IT Rules 2021 के तहत भी इन ऐप्स की पब्लिक एक्सेस को ब्लॉक किया गया है। इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स को भी निर्देश दिया गया है कि इन प्लेटफॉर्म्स को देश में एक्सेस न होने दें।
कमाई के लिए दिखाया जा रहा था कंटेंट
सरकार का कहना है कि इन ऐप्स पर दिखाए जाने वाले वीडियो काफी आपत्तिजनक और वल्गर थे, जिनका इस्तेमाल यूजर्स को आकर्षित कर सब्सक्रिप्शन और ट्रैफिक के जरिए कमाई करने के लिए किया जा रहा था।
सरकार ने साफ किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इस तरह के कंटेंट को लेकर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















